महा सम्मेलन
अब समय है
अप्रैल 2022 महा सम्मेलन


अब समय है

अब समय है हम सीख सकते हैं। अब समय है हम पश्चाताप कर सकते हैं। अब समय है हम दूसरों को आशीष दे सकते हैं।

मेरे प्यारे भाइयों और बहनों, यह महान सम्मेलन कई अर्थों में ऐतिहासिक रहा है। हम प्रार्थनाओं, संदेशों और संगीत से आशीषित हुए हैं। हमें प्रभु के सेवकों द्वारा प्रेरित किया गया है।

हमें भविष्य के लिए महत्वपूर्ण दिशा मिली है। मेरी प्रार्थना है कि आत्मा ने आप से सीधे उन कार्यों के बारे में बात की है जो प्रभु आप से करवाना चाहता है।

भविष्य हमेशा अनिश्चित होता है। मौसम बदलता है। आर्थिक परिस्थितियां अप्रत्याशित हैं। आपदाएं, दुर्घटनाएं, और बीमारी जीवन को तेजी से बदल सकती हैं। ये घटनाएं काफी हद तक हमारे नियंत्रण में नहीं हैं। लेकिन कुछ बातें हैं जिन पर हम नियंत्रण कर सकते हैं, जिसमें शामिल हैं कि प्रतिदिन हम अपना समय कैसे बिताते हैं।

मुझे हेनरी वैन डाइक की यह कविता पसंद है, जो न्यूयॉर्क में वेल्स कॉलेज की धूपघड़ी पर लिखी है। इसमें लिखा है:

मेरी सुई की छाया रेखा

भविष्य को अतीत से विभाजित करती है:

ऐसे घंटे हैं, जो अभी तक नहीं आए हैं

जिनके साथ, आप कुछ भी नहीं कर सकते:

छाया रेखा के पीछे का समय बीत चुका है,

वह समय, अब आपके पास नहीं है:

केवल वह एक घंटा आपके हाथों में है,—

जहां अब छाया रेखा है।1

हां, हम अतीत से सीखना चाहिए, और हां, हमें भविष्य के लिए तैयार होना चाहिए। लेकिन हम केवल अब कर सकते हैं। अब समय है हम सीख सकते हैं। अब समय है हम पश्चाताप कर सकते हैं। अब समय है हम दूसरों को आशीषित कर सकते हैं और “उन हाथों को ऊपर उठा सकते है जो निढाल हैं।”2 जैसा कि मॉरमन ने अपने बेटे मोरोनी को सलाह दी थी, “आओ हम निष्ठापूर्वक परिश्रम करें; … क्योंकि मिट्टी के इस देह में रहते हुए करने के लिए हमारे पास एक नेक काम है, ताकि हम सभी धार्मिकता के शत्रु पर विजय प्राप्त कर सकें, और अपनी आत्माओं को परमेश्वर के राज्य में विश्राम दे सकें।”3

शैतान कभी सोता नहीं है। हमेशा सच्चाई का विरोध होगा। मैं आज सुबह बोले उन कार्यों को करने के लिए अपने आग्रह को दोहराता हूं जो आपकी सकारात्मक आत्मिक संवेग को बढ़ाएंगे, जिस उड़ान के बारे में एल्डर डिटर एफ. उक्डोर्फ बात कर रहे थे, यह किसी भी चुनौतियों और अवसरों के बीच आपको निरंतर आगे बढ़ने देगी।

सकारात्मक आत्मिक संवेग बढ़ता है जब हम मंदिर में उपासना करते हैं और वहां प्राप्त आशीषें हमें व्यक्तिगत स्तर पर बहुत गहराई से प्रभावित करती हैं। मैं आपसे मंदिर की अनंत आशीषों पर ध्यान केंद्रित करके सांसारिक तरीकों का सामना करने का अनुरोध करता हूं। वहां बिताया आपका समय अनंत काल के लिए आशीषें लाता है।

जैसे-जैसे गिरजा बढ़ता है, हम अधिक मंदिरों का निर्माण करके गति बनाए रखने का प्रयास करते हैं। चवालीस नए मंदिर वर्तमान में निर्माणाधीन हैं। बहुतों को नवीन किया जा रहा है। मैं उन कुशल लोगों के लिए प्रार्थना करता हूं जो संसार-भर में इन परियोजनाओं पर काम करते हैं।

प्रार्थनापूर्ण कृतज्ञता की भावना में, मुझे निम्नलिखित स्थानों में से प्रत्येक में एक नया मंदिर बनाने की हमारी योजनाओं की घोषणा करते हुए प्रसन्नता हो रही है: वेलिंगटन, न्यूजीलैंड; ब्राजाविल, कांगो गणराज्य; बार्सिलोना, स्पेन; बर्मिंघम, यूनाइटेड किंगडम; कुस्को, पेरू; मासियो, ब्राजील; सैंटोस, ब्राजील; सैन लुइस पोटोसी, मेक्सिको; मेक्सिको सिटी बिनेमैरीतो, मेक्सिको; टैम्पा, फ्लोरिडा; नॉक्सविले, टेनेसी; क्लीवलैंड, ओहियो; वीचिटा, कंसास; ऑस्टिन, टेक्सास; मिसौला, मोंटाना; मोंटपेलियर, आइडाहो; और मोडेस्टो, कैलिफोर्निया।

ये 17 मंदिर परदे के दोनों ओर अनगिनत जीवनों को आशीषित करेंगे। भाइयों और बहनों मैं आपसे प्रेम करता हूं। इससे भी महत्वपूर्ण, प्रभु आपसे प्रेम करता है। वह आपका उद्धारकर्ता, और आपका मुक्तिदाता है। वह अपने गिरजे का नेतृत्व और मार्गदर्शन करता है। मैं चाहता हूं कि हम प्रभु के योग्य बन पाएं, जिसने कहा था, “तुम मेरी प्रजा ठहरोगे, और मैं तुम्हारा परमेश्वर ठहरूंगा।”4

मैं यह प्रार्थना यीशु मसीह के पवित्र नाम में करता हूं, आमीन।